हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की गढ़ रोड पर स्थित एक नाला इन दिनों अधर में लटका हुआ है जो नगर पालिका के गले की फांस बन गया है। क्षेत्र में हुए जल भराव से लोगों को निजात दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद हापुड़ ने अस्थाई समाधान का रास्ता चुना और पंपसेट लगाकर नाले का पानी दूसरे नाले में छोड़ने का प्रयास किया। कुछ ही महीनों में 2.16 लाख का बिजली का बिल आ गया जिसके बाद ऊर्जा निगम के एसडीओ ने पालिका को नोटिस थमा दिया है।
जानकारी के अनुसार दो वर्ष पूर्व गढ़ रोड पर नाले का निर्माण शुरू हुआ था लेकिन सीएचसी से आगे नाला निर्माण अधर में लटक गया। हालात यह है कि अस्पताल परिसर के आसपास का क्षेत्र जल भराव की समस्या से जूझ रहा है। यहां पानी भरा रहता है जिसकी वजह से लोगों को संक्रामक बीमारियों के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान तो गढ़ रोड और साकेत कॉलोनी में पानी भर जाता है जिसकी वजह से लोगों को काफी ज्यादा परेशानी होती है। स्थाई समाधान की जगह नगर पालिका ने अस्थाई रास्ता चुना और पंप सेट लगवा दिया। हालांकि इसके लिए एक कनेक्शन भी लिया गया जिसका मीटर सीएचसी परिसर में लगा है। पानी को दूसरे नाले तक पहुंचने में करीब सवा दो लाख की बिजली की खपत हुई है लेकिन इसके बावजूद भी लोगों को जलभराव की समस्या से राहत नहीं मिली जिससे लोगों में तो नाराजगी है ही, वहीं ऊर्जा निगम के एसडीओ ने भी पालिका को अब भुगतान के लिए नोटिस थमा दिया है।
ब्राइडल बुकिंग पर 50% की भारी छूट: 8218124225 || पहली 10 ब्राइडल के लिए


































