आढ़तियों की तहरीर के आधार पर भाकियू टिकैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत चार पर मुकदमा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात पुलिस ने व्यापारियों की तहरीर के आधार पर किसान नेताओं के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बुधवार की रात करीब 9:15 बजे आढ़ती अजय कुमार पुत्र कुसुमपाल की तहरीर के आधार पर भारतीय किसान यूनियन टिकैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुशल पाल आर्य निवासी सिंभावली, बाबूराम, अंकुज और नाजिम चौधरी के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506 तथा 392 में मुकदमा दर्ज किया है।
अजय कुमार की नई मंडी में आढ़त की दुकान है। अजय कुमार का कहना है कि कुछ दिन पहले भारतीय किसान यूनियन टिकैट का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुशल पाल आर्य ने यूनियन के खर्चे के लिए 50 हजार रुपए की मांग की। दर्ज एफआईआर के अनुसार आढ़ती अजय कुमार ने किसान नेता पर आरोप लगाया कि उसने चंदे के रूप में रुपए की मांग की। जब आढ़ती ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो 15 अक्टूबर की दोपहर लगभग 12:15 बजे कुशल पाल आर्य अपने साथी बाबूराम, अंकुज और नाजिम चौधरी के साथ अजय की दुकान पर पहुंचा और घटतौली का आरोप लगने लगा जिसका विरोध करने पर कुशल पाल आर्य और उसके साथियों ने गाली गलौज शुरू कर दी और दुकान पर रखे पौने दो लाख रुपए से भरे नोटों का ठेला जबरन उठा लिया। घटना का विरोध करने पर आरोपियों ने आढ़ती के साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के व्यापारी इकट्ठा हुए और मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी बीच आरोपियों ने आढ़ती राजेंद्र कुमार की गले की सोने की चेन छीन ली और रुपए लूट कर भागने लगे। इसके बाद नरेश आढ़ती और अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंचे तो आरोपी किसान नेताओं ने राजेंद्र आढ़ वाले की सोने की चेन और अजय का नोटों से भरा थैला गायब कर दिया और घटतौली का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी बीच सूचना पाकर अन्य किसान नेता भी मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शन में शामिल हुए। वहीं आढ़तियों ने भी हड़ताल शुरू कर दी।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए अधिकारियों ने किसानों तथा व्यापारियों को किसी तरह शांत कराया लेकिन व्यापारी की सोने की चेन और प्रार्थी के पौने दो लाख रुपए वापस नहीं हुए। जब व्यापारियों ने अपनी चेन और नकदी मांगी तो किसान नेताओं ने देने से इनकार कर दिया जिसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आपको बता दें कि इससे पहले किसान नेता की तहरीर के आधार पर हापुड़ देहात पुलिस ने राजेंद्र कुमार आढ़ वाले तथा नरेश कुमार के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद गुस्साए व्यापारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी से भी मुलाकात की थी। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा लिखाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हापुड़ में अब पांच मिनट में हटवाएं मस्से: 7668219093






















