हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के गांव सलाई में चेकिंग करने गई ऊर्जा निगम की टीम को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यह कार्रवाई अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर की है।
देहात क्षेत्र के लालपुर उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता लेखराज सिंह ने बताया कि 11 अक्टूबर की दोपहर करीब 12:30 बजे वह ऊर्जा कर्मी सुनील कुमार, सतेंद्र सिंह और राहुल कुमार के साथ जांच के लिए गांव सलाई गए थे। अवर अभियंता का आरोप है कि शहजाद के घर लगा मीटर परिसर के अंदर था। उनका कहना है कि सहजाद बिजली की चोरी कर रहा था जिसके पश्चात उन्होंने घर के अंदर लगे मीटर को देखने के लिए कहा तो वह विरोध करने लगा। उसके बाद आरोपी ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया जिसका विरोध करने पर हाथापाई पर उतर आया और टीम को जान से मारने की नीयत से दौड़ाकर पीटा। ऊर्जा कर्मियों ने भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई। पीड़ित अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कम से कम ब्याज पर लोन लेने के लिए संपर्क करें: 9756129288


























