बृजघाट पर घटिया खाद्य पदार्थ परोस रहे है धंधेबाज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पौराणिक तीर्थस्थल बृजघाट पर पितृ पक्ष के कारण श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है, परंतु नगर पालिका परिषद हापुड़ गढ़मुक्तेश्वर द्वारा श्रद्धालुओं के लिए कोई खास इंतजाम न किए जाने के कारण अव्यवस्थाओं का बोल बाला सिर चढ़ कर बोल रहा है जिस कारण श्रद्धालुओं में निराशा का भाव घर करता जा रहा है।
पितृ पक्ष में अपने पूर्वजों की आत्म शांति के लिए श्राद्ध, तर्पण व पिंडदान जैसी प्रथाओं को पूरा करने के लिए बृजघाट पर श्रद्धालुओं का तांता लगा है। परिषद के कर्मचारी वाहनों से पार्किंग शुल्क तो वसूल रहे है, परंतु गाड़ियां बाजारों व गंगा किनारे खड़ी है जिससे आने-जाने में परेशानी हो रही है।
अतिक्रमण से घिरे है बाजार- बृजघाट के सभी बाजार व गंगा किनारे पार्किंग स्थल अतिक्रमण के कारण सिकुड़ कर गली में बदल गए है, जिस कारण पैदल भी निकलना दूभर हो रहा है। दुकानदारों के साथ वाहनों, ठेलों आदि से भी अतिक्रमण बढ़ा है। दुकानदारों की बैंच, स्टूल आदि ने भी अतिक्रमण को बढ़ावा दिया है। अनेक दुकानें तो सार्वजनिक भूमि पर ही संचालित हो रही है। बृजघाट गंगातट भी अतिक्रमण से अछूते नहीं है। अब तो शमशान घाट भी इससे अछूता नहीं है, जहां खोखे डाल कर अतिक्रमण किया जा रहा है।
घटिया बिक रहे है खाद्य पदार्थ- बृजघाट गंगा तट पर घटिया खाद्य पदार्थ बिक रहे है, जो श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य पर खतरा बने है। यदि मशहूर लोगों को छोड़ दिया जाए तो अन्य लोग घटिया व मिलावटी खाद्य तेलों का प्रयोग कर रहे है। देसी घी के नाम पर ब्लेंडेड तेलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मिर्च, मसाले, दूध, शिकंजी, पीले, लाल रंग की बूंदी का लड्डू आदि तो पूरी तरह स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले है। बृजघाट पर बिकने वाला बर्फ तो पूरी तरह सिंथेटिक है और लोग पनीर के इस्तेमाल से बच रहे है।
क्यूं नहीं होती सैम्पलिंग- खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग वैसे तो जगह-जगह छापेमारी करता फिरता है, परंतु बृजघाट उसकी आंख से ओझल बना है। बृजघाट गंगा तट पर सैम्पल अभियान चलाने की जरुरत है, वरना गढ़-गंगा मेला के दौरान श्रद्धालुओं को गुणवत्ता हीन खाद्य पदार्थ परोसने से धंधेबाज जरा भी पीछे नहीं रहेंगे।
30 हजार देकर ई-रिक्शा ले जाएं, साथ में टीवी, वाशिंग मशीन या आरओ बिल्कुल फ्री: 7906867483


























