हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के खादर क्षेत्र में भले ही शनिवार तक गंगा के जलस्तर में 20 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है लेकिन खादर में रहने वालों की चिंता अभी भी बरकरार है। खादर क्षेत्र में पानी भरा होने की वजह से स्थानीय लोगों को पशुओं के लिए चारा लाने में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा ने शनिवार को जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के खादर क्षेत्र का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बाढ़ को लेकर तैयारी पूरी है। नाव आदि की व्यवस्था भी की जा चुकी है।
आपको बता दें कि खादर क्षेत्र में पानी भरा होने की वजह से बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। ऐसे में जिलाधिकारी ने क्षेत्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। पहाड़ों में हुई बारिश और बिजनौर बैराज से पानी छोड़े जाने के पश्चात गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई जिसकी वजह से खादर क्षेत्र में भी पानी भर गया। शनिवार की शाम तक गंगा का जलस्तर 198.78 मीटर के निशान पर आ गया। हालांकि अभी भी क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों की चिंताएं बरकरार है।





























