हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के मदरसा रहमानिया पुराना बाजार मस्जिद में लगे कूलर में करंट उतरने से साढ़े छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जिससे परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बालक मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए आया था जिसके पश्चात वह अपनी टोपी कूलर पर रखने लगा और करंट ने उसे पकड़ लिया।

हापुड़ के मोहल्ला कोटला मेवातियान निवासी अबू हुरैरा पुत्र हाजी अरशद अपने दादा हाजी रईस के साथ नमाज पढ़ने के लिए मदरसा रहमानिया पुराना बाजार मस्जिद में गया था। नमाज पढ़ने के पश्चात अबू ने अपनी टोपी को सर से उतारा और मस्जिद में लगे कूलर पर रखने लगा। इसी बीच जोरदार करंट का झटका लगने पर अबू बेहोश होकर जमीन पर गिर गया जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन चिकित्सकों ने अबू को मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों में शोक की लहर है। बता दें कि अबू भाई-बहनों में सबसे छोटा था जिसके एक बड़ा भाई और एक बहन है।
ADMISSIONS OPEN: JMS GROUP OF INSTITUTIONS || 7827735874 || 100% PLACEMENT























