हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव महमूदपुर के तालाब रूपी अंडरपास की एक वीडियो सामने आई है जहां एक गाड़ी पानी के बीचो बीच फंसी हुई है जिसमें सवार युवक ने किसी तरह गाड़ी की छत पर पहुंचकर खुद को बचाया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। स्थानीय लोगों में काफी रोष है जिनका कहना है कि आज तक किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जिसकी वजह से इस तरह के हालात बने हुए हैं जो सभी के सामने हैं। अंडरपास का पानी भरा होने के कारण बाइक सवारों को अपनी जान पर खेलकर रेलवे ट्रैक से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग के बाद भी किसी भी अधिकारी ने अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया है जिसके चलते आम जनमानस इस दौरान बेहद परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया लेकिन अभी तक किसी ने इस समस्या को दूर करने की जहमत तक नहीं उठाई है। ऐसे में ग्रामीणों को कई किलोमीटर का लंबा सफर तय करना पड़ता है या फिर उन्हें अपनी जान पर खेलकर रेलवे ट्रैक से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित अधिकारी स्थायी समाधान करें।






















