हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार मिश्र ने अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित अग्निशमन केंद्र से प्रारंभ होकर हापुड़ की गढ़ रोड, रेलवे रोड, बुलंदशहर रोड, पक्का बाग चौराहे से होते हुए अग्निशमन केंद्र पहुंची जहां रैली समाप्त हुई। इस दौरान लोगों को आग लगने के दौरान किस तरह बचाव किया जाए? इसके बारे में जागरूक किया गया। जागरूकता रैली से पहले शहीद दमकल कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई।
14 अप्रैल वर्ष 1944 में मुंबई में एक जहाज में अचानक आग लगने से 66 अग्निशमन कर्मचारी शहीद हो गए थे। तभी से हर वर्ष शहीदों की याद में 14 अप्रैल को अग्निशमन विभाग अग्निशमन दिवस मनाता रहा है और इसी दिन अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत होती है जो 20 अप्रैल तक मनाया जाएगा। सुरक्षा सप्ताह के दौरान स्कूलों, कॉलेजों आदि क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा।






















