हापुड़,सीमन/अशोक तोमर(ehapurnews.com ): स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी अदिति सिंह ने ध्वजारोहण कर जनपद के अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि अंग्रेजों के शासन काल में जिन-जिन वीर सपूतों ने स्वतंत्रता के इस आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति दी हमें उन्हें भूलना नहीं चाहिए, आज मैं उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करती हूं। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को देखते हुए वर्तमान समय में जीवन में बदलाव आवश्यक हो गया है। इस समय हमें अपने साथ-साथ लोगों को भी जागरूक करना है।

हमें विकास कार्यों में गतिशीलता लाने के साथ-साथ कोरोना महामारी से बचाव में लड़ना भी है। इस नवसृजित जनपद में जो कमियां है हमें मिलकर उन्हें दूर करने का प्रयास करना है और अपनी अपनी जिम्मेदारियां आत्मविश्वास के साथ निभानी है। हमें जनता के उपयोगार्थ कार्य करने हैं। जीवन में आयी चुनौतियों का मजबूती से सामना करना है। हमारे कार्य जनता व देश हित में हो। मैं आशा करती हूं कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक नए विश्वास के साथ आगे बढ़ कर जनहितार्थ कार्य करेंगे। स्वतंत्र दिवस पर अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने जो सपने देखे थे हमें उन्हें साकार करने हेतु प्रयास करने हैं। आज विश्व में सबसे बड़ी चेतावनी कोविड-19 को शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए हराना है। जिला प्रोबेशन अधिकारी व उपजिलाधिकारी अरविंद द्विवेदी व अपर उपजिलाधिकारी पंकज सक्सेना ने भी अपने -अपने विचार व्यक्त किए। स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।





























