हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ पुलिस और एसओजी की दिनदहाड़े गैंगस्टर से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी घायल हो गया जिस पर गाजियाबाद पुलिस द्वारा 25,000 रुपए का इनाम घोषित है। पुलिस ने बदमाश से एक स्प्लेंडर बाइक, तमंचा मय जिंदा कारतूस बरामद किया है जिसका सीएचसी में उपचार शुरू हो गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गढ़ क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि मंगलवार को बहादुरगढ़ थाना पुलिस और एसओजी की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी बीच उसका सामना गोकशी और गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे आरोपी महताब पुत्र तौसीफ उर्फ तौसीब निवासी कलछीना थाना भोजपुर गाजियाबाद से हो गया। दिनदहाड़े हुई इस मुठभेड़ के दौरान महताब घायल हो गया जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
बता दें कि महताब के खिलाफ गाजियाबाद में गोकशी, गैंगस्टर एक्ट से संबंधित करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी पर 25,000 रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही एक स्प्लेंडर बाइक, तमंचा मय जिंदा कारतूस बरामद किया है।

























