हापुड़, सीमन : मार्च माह के प्रथम मंगलवार को आज यहां आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी अदिति सिंह ने की। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि जिन फरियादियों की समस्याओं का आज मौके पर निस्तारण नहीं किया जा सका है वे निराश न हो। उनकी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेज कर अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे समस्याओं का निस्तारण निश्चित अवधि में पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित रुप से किया जाए। साथ ही वे स्वयं मौके पर जाकर शिकायत की जांच करे। उन्होंने चेतावनी दी कि फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण में बरती गई लापरवाही के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में आई समस्याओं के निस्तारण के बाद सूचना तहसील व फरियादी को उपलब्ध कराई जाए। हापुड़ तहसील के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से 185 फरियादी अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे जिनमें से 23 समस्याओं का निबटारा मौके पर ही कर दिया गया। समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह, उपजिलाधिकारी सत्य प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.रेखा शर्मा व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हापुड़ में डीएम व कप्तान शिकायते सुनते हुए। (छाया:सीमन)



























