हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : उत्तराखंड पुलिस ने जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव मुरादपुर में शनिवार को दबिश दी. इस दौरान पुलिस हिस्ट्रीशीटर के पिता को हिरासत में लेकर ले जा रही थी कि तभी गांव में महिलाओं ने जमकर हंगामा किया. हालांकि स्थानीय पुलिस ने किसी तरह मामला संभाला और महिलाओं को शांत कराया.
मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड पुलिस ने गांव मुरादपुर में दबिश दी. उत्तराखंड के रुद्रपुर थाने से आए दरोगा हरविंदर सिंह स्थानीय पुलिस के साथ गांव पहुंचे. पुलिस का कहना है कि हाल ही में उनके थाना क्षेत्र से आरोपियों ने ट्रक को लूट लिया था जिसमें मुरादपुर के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर पर भी शामिल होने का आरोप है. पुलिस ने जब घर पर दबिश दी तो आरोपी नहीं मिला और उत्तराखंड पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर के पिता को हिरासत में ले लिया. इस दौरान महिलाओं ने जमकर हंगामा किया. स्थानीय पुलिस ने किसी तरह महिलाओं को शांत कराया.

























