
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने अपने पति पर देहात थाने क्षेत्र में तैनात महिला हेड कांस्टेबल से दूसरी शादी करने तथा मारपीट करने का आरोप लगाते हुए देहात थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। देहात पुलिस ने मामले में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 16 फरवरी 2025 को नवीन पुत्र नरेश कुमार निवासी गांव गज़ालपुर जिला हापुड़ के साथ हुई थी। शादी के दो-तीन दिन बाद उसे पता चला कि नवीन का एक महिला हेड कांस्टेबल के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है जोकि देहात थाना क्षेत्र में तैनात है। ऐसे में उसने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने एक न सुनी। साथ ही पीड़िता पर महिला पुलिसकर्मी से माफी मांगने का दबाव बनाया। पीड़िता का आरोप है कि 1 मार्च 2025 को उसके पति ने उसे तलाक दिए बिना ही महिला पुलिस कर्मी के साथ दूसरी शादी कर ली। दोनों एक साथ मकान में भी पकड़े गए। अब उसका पति उसे धमकी दे रहा है, अभद्र व्यवहार कर रहा है जिससे आहत होकर पीड़िता ने देहात पुलिस को मामले से अवगत कराया। देहात पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैटरिंग के लिए संपर्क करें राधे कृष्णा कैटर्स: 9897892601































