बडौदा सिंहानी का मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण खफा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के पास के गांव बड़ौदा सिंहानी में बुधवार की सुबह नाला व सड़क निर्माण, आवार मवेशियों व कुत्तों से निजात दिलाने की मांग को लेकर किसानों व ग्रामीणों की महापंचायत हुई। महापंचायत में निर्णय लिया गया कि यदि ग्रामीणों की समस्याओं का अविलम्ब समाधान नहीं किया गया तो किसान जिला मुख्यालय पर धरना व प्रदर्शन कर आंदोलन का बिगुल बजाने का निर्णय लिया।
किसान मजदूर संगठन की अगुवाई में बड़ी तादाद में किसानों व ग्रामीणों ने 12 सूत्री मांगों को लेकर गांव बड़ौदा सिंहानी में महापंचायत की। महापंचायत को किसान नेताओं ने सम्बोधित करते हुए कहा कि गांव बड़ौदा सिंहानी के मध्य से गुजरने वाला मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त है औऱ नाला निर्माण न होने से गंदे पानी की निकासी भी नहीं हो पा रही है और गंदा पानी सड़क पर तैर रहा है। इस मुख्य मार्ग से सैकड़ों गांव जुड़े है। गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित मुर्दा मवेशी ठिकाने को हटाया जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि ग्रामीणों की मांगों को अनदेखा किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
यह वह मुख्य मार्ग है, जो गांव बड़ौदा सिंहानी के मध्य से गुजर रहा है। इस मुख्य मार्ग से ही सैकड़ों गांवों के ग्रामीण रोजाना गुजरते है। गांव बड़ौदा सिंहानी के मुख्य मार्ग पर पानी भरा होने से सड़क मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है जिससे यातायात में व्यवधान पैदा हो रहा है। आए दिन लोग गिर कर चोटिल हो रहे है। ग्रामीण कई बार सड़क व नाले के निर्माण की मांग कर रहे है, परंतु कोई सुनने को तैयार नहीं है।

























