हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा के गांव गालंद में प्रस्तावित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का विरोध दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। गुस्साए ग्रामीणों ने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के खिलाफ शनिवार को पैदल यात्रा निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। शनिवार की सुबह ग्रामीण धरना स्थल से गांव में पैदल यात्रा निकालते हुए पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आपको बता दें कि ग्रामीणों को कई संगठनों का समर्थन भी मिल चुका है।
ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी कीमत पर यहां डंपिंग ग्राउंड बनने नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों को देखकर ऐसा लगता है कि वह आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम ने छल कपट से किसानों की जमीन एक कंपनी के नाम खरीद थी लेकिन बाद में डंपिंग ग्राउंड बनाने की बात होने लगी। उनका कहना है कि यदि डंपिंग ग्राउंड बनेगा तो क्षेत्र में गंदगी और बीमारी से लोगों को परेशानी होगी। भूजल भी प्रदूषित होगा। प्लांट के विरोध में ग्रामीणों ने शनिवार को गांव में पैदल यात्रा निकाली और अपना विरोध दर्ज किया जिसमें सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हुए।






















