हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें एक के बाद एक पांच तेन्दुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पहले दो तेंदुए, उसके बाद दो और आखिर में एक तेंदुआ दिखाई दे रहा है. सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह हापुड़ जनपद और बुलंदशहर के बॉर्डर की है जहां मौजूद आम के बाग में तेंदुए को देखा गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद हापुड़ के गांव भरना और बुलंदशहर जनपद के गांव लाडपुर के बॉर्डर पर लाडपुर निवासी सुनील कुमार के आम के बाग हैं. सुनील ने बताया कि बाग की रखवाली मेरठ के गांव महलवाला निवासी शेरू चौकीदार करता है जहां सोमवार की रात को बाग में तेंदुए दिखाई दिए. चौकीदार ने किसी तरह पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई. यह वीडियो इंटरनेट पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें पांच तेंदुए साफ नजर आ रहे हैं.























