हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक दुकान पर किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई जिसने मारपीट का रूप ले लिया। इस दौरान एक-दूसरे पर जमकर दोनों पक्षों ने लात-घूंसों की बरसात की और लाठी-डंडों से हमला किया। हमले में कांच की बोतल का भी इस्तेमाल किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मामला गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र का है जहां गुरुवार की रात एक दुकान पर मौजूद दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और देखते ही देखते लाठी-डंडे निकल आए। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






















