
मिशन शक्ति फेज-5 के तहत हापुड़ महिला थाना टीम ने 1000 बालिकाओं को किया जागरूक
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला थाना हापुड़ की टीम द्वारा विभिन्न विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान करीब 1000 बालिकाओं को महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, साइबर सुरक्षा तथा उनके अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला थाना टीम ने बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए महिला सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा, 181 महिला सहायता हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा तथा 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
महिला थाना टीम ने हापुड़ साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 9412223343 एवं 9520864950 की जानकारी देते हुए साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए। बालिकाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। टीम ने बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
महिला थाना टीम ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना है। किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं से संपर्क करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं ने महिला थाना टीम द्वारा दी गई जानकारी की सराहना की तथा महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179





















