हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : नोएडा की पॉश कॉलोनी में एक महिला से बदसलूकी करने के आरोपी नेता श्रीकांत त्यागी पर पुलिस और प्रशासन का चौतरफा शिकंजा कसता जा रहा है लेकिन पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई का हापुड़ में अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा ने विरोध किया है. अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों ने मंगलवार को हापुड़ की कलेक्ट्रेट पर पहुंच कर पुलिस की कार्रवाई से गुस्सा होकर जमकर हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन किया. संगठन के पदाधिकारी रुद्राक्ष त्यागी ने इस दौरान पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल भी खड़े किए, साथ ही कई नेताओं को भी कटघरे में लिया.
त्यागी समाज में हापुड़ में जमकर विरोध प्रदर्शन किया. आपको बता दें कि श्रीकांत त्यागी पर नोएडा पुलिस ने 25,000 रुपए का नकद इनाम घोषित किया है. श्रीकांत त्यागी के खिलाफ पुलिस प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीकांत त्यागी पर 307 व अन्य धाराओं में 9 मुकदमे दर्ज हैं जिनमें पहला मुकदमा साल 2007 में नोएडा के थाना फेस-2 में दर्ज किया गया था. नोएडा के थाना फेस-2 में कुल मिलाकर आठ मामले दर्ज हैं जबकि नोएडा के थाना सेक्टर 39 में साल 2008 में एक मुकदमा दर्ज किया गया था. लगभग 15 वर्षों से श्रीकांत त्यागी की हनक और धमक चल रही है. ऐसे में अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा के पदाधिकारी मंगलवार को इकट्ठा होकर हापुड़ की कलेक्ट्रेट पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया जो कई सवाल खड़े करता है.























