हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ की हैंडलूम नगरी पिलखुवा में एक चादर छपाई करने वाली फैक्ट्री के कमरे में गुरुवार की सुबह दम घुटने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई. भाइयों की मौत की सूचना पाकर बहन ने भी फांसी लगा ली जिसे लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
आपको बता दें कि पिलखुवा के मोहल्ला न्यू आर्य नगर में स्थित चादर छपाई करने वाली फैक्ट्री में दो भाई धुलाई के लिए चादर लेने के लिए गए थे. जैसे ही 22 वर्षीय नावेद और 24 वर्षीय असलम कमरे में सूख रही चादर लेने के लिए पहुंचे तो वह बेहोश होकर गिर पड़े. काफी देर तक बाहर ना आने पर मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने जाकर देखा तो दोनों की मौत हो चुकी थी. मृतक मूल रूप से गढ़ के चित्तौड़ा निवासी है जो कि पिछले 10 वर्षों से पिलखुवा के मोहल्ला शिवाजी नगर में रह रहे थे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में चादर पर कलर पक्का करने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है. कलर सूखने के लिए एक बंद कमरे में चादर को रखा गया. कमरा बंद होने की वजह से जहरीली गैस बन गई… जैसे ही नावेद और असलम कमरे में पहुंचे तो गैस की चपेट में आने से उनका दम घुट गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतकों की बहन ने भी फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की. गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
विश्वसनीयता के साथ कराएं Full Body Checkup, वह भी सबसे कम दामों पर: 7817982711






























