हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की साइबर क्राइम ब्रांच ने बैंक के अधिकारी व कर्मचारी बनकर फोन कर भोले-भाले लोगों को गिफ्ट वाउचर, बोनस देने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से 18,000 रुपए, एक आईफोन समेत 5 मोबाइल, एक लैपटॉप, रसीद, रजिस्टर आदि बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम साकिब खान पुत्र वसीम खान निवासी शिव विहार उत्तम नगर दिल्ली तथा वनीशा आर मरक पुत्री जिप्सोन चीसीम संगमा निवासी नॉर्दर्न साइट का लैईट मखराम मेन रोड डॉन बोसको ईस्ट खासी हिल्स, लेइटुमखरह शिलांग मेघालय है।
गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं जिनके खाते में पिछले 6 महीने में करीब 30 लाख रुपए की ट्रांजैक्शन हुई है। गिरफ्तार किए गए आरोपी इतने शातिर हैं कि वह देश के विभिन्न राज्यों में सैकड़ो लोगों के साथ ठगी की घटना को अंजाम दे चुके हैं।
साइबर क्राइम और पिलखुवा पुलिस ने बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। पिलखुवा पुलिस को एक तहरीर मिली थी कि साइबर ठगों ने ठगी की है जिसके बाद पिलखुवा पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपियों को दिल्ली के थाना तिलक नगर के कृष्ण पार्क से गिरफ्तार किया है।
































