हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव टोडरपुर में ग्रामीणों ने पलायन करने की चेतावनी दी है. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग उन पर गांव छोड़ने का दबाव बना रहे हैं जिससे परेशान होकर वह पलायन को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
बता दें कि टोडरपुर के रहने वाले कुछ दबंगों ने एक महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी. पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कौसर, सुगफ्ता और फैसल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने से आरोपी बौखलाए हुए हैं और उन्होंने पीड़ित पक्ष से जुड़े लोगों का गांव में आना जाना मुश्किल कर दिया है. ग्रामीण फिलहाल दहशत के माहौल में जीने को मजबूर हैं. 10 परिवारों ने पलायन करने का फैसला लिया है. ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों ने गांव का एक रास्ता बंद भी कर दिया है और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं.





























