हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : ऊर्जा निगम के अधिकारियों द्वारा लगातार बिजली चोरों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा लेकिन इसके बाद भी बिजली चोरों में कोई खौफ नजर नहीं आ रहा. चोरों को सबक सिखाने के लिए मैदान में उतरी विजिलेंस टीम और ऊर्जा निगम की टीम ने गढ़ में जबरदस्त कार्रवाई की और जगह-जगह छापा मारा और बिजली चोरों को धर दबोचा. गढ़ में शुक्रवार को कटिया डालकर चोरी करते पाए गए 42 बिजली चोरों के खिलाफ बिजली विभाग के अधिकारियों ने मुकदमा दर्ज कराया है.
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता के पी पूरी का कहना है कि घर में बिजली चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. बिजली विभाग कटिया डालने वालों बख्शने के मूड में नहीं है. बिजली विभाग की कार्रवाई गढ़ तहसील के बहादुरगढ़ से शुरू हुई जहां मौके से तारों को जब्त किया गया. इसके बाद ऊर्जा निगम और विजिलेंस टीम ने मिलकर सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव सरूरपुर, हशुपुर, बक्सर, वेट में कार्रवाई की और 42 बिजली चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया.





























