रेफरल बढ़ाने के लिए सीएचओ को ब्लॉक स्तर पर दिया जा रहा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में टीबी और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की दी जा रही जानकारी
धौलाना और हापुड़ ब्लॉक में दिया गया प्रशिक्षण, गढ़ और सिंभावली की तैयारी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़, 22 जून, 2023। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. सुनील कुमार त्यागी ने टीबी जांच को और गति देने के निर्देश दिए हैं। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर होने वाली ओपीडी से टीबी जांच के लिए रेफरल बढ़ाने से यह संभव हो सकेगा। सीएमओ के निर्देशन में रेफरल बढ़ाने के लिए जिला क्षय रोग विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को ब्लॉक वार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बुधवार को हापुड़ ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों का गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हापुड़ पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान टीबी के लक्षणों की पहचान और लक्षणों के आधार पर टीबी जांच के लिए रेफरल बनाने के बारे में बताया गया।
जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डा. राजेश सिंह ने बताया – मंगलवार को धौलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सीएचओ प्रशिक्षण हुआ था। 24 जून को गढ़मुक्तेश्वर और 26 जून को सिंभावली ब्लॉक में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद ब्लॉक वार एएनएम और आशा के लिए भी टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया – प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों का स्किल डेवलपमेंट करना है, ताकि सबके सामूहिक प्रयास से पंचायतों को टीबी फ्री किया जा सके। पंचायत से शुरुआत करके ब्लॉक और जिले को टीबी फ्री करना है। यह प्रयास टीबी मुक्त भारत के क्रम में किए जा रहे हैं।
जिला पीपीएम समन्वयक सुशील चौधरी ने बताया – हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स को टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की आउटरीच एरिया में पहुंच बढ़ाने के लिए जोड़ा गया है, उसी क्रम में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स पर तैनात सीएचओ के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं ताकि क्षय रोगियों के निकट संपर्क वालों की लाइन लिस्टिंग और जांच के साथ ही टीबी प्रीवेंटिव थेरेपी (टीपीटी) में भी सीएचओ का सहयोग लिया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डीटीओ डा. राजेश सिंह की टीम में जिला पीपीएम समन्वयक सुशील चौधरी के अलावा एसटीएलएस बृजेश कुमार, एसटीएस हसमत अली और पीएमडीटी समन्वयक मनोज गौतम शामिल रहे।
ADMISSIONS OPEN FOR SESSION: 2023-24 ||SANSKAR EDUCATIONAL GROUP || 7251000130






























