हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में सत्ताधारी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता व पदाधिकारी ही नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ट्रैफिक का चार्ज संभाल रहे उपनिरीक्षक छविराम ने हापुड़ के मेरठ तिराहे पर उन गाड़ियों के खिलाफ जबरदस्त अभियान चलाया जिन्होंने ब्लैक फिल्म लगाई हुई थी। जो भी इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते दिखा उसके खिलाफ यातायात पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। इस दौरान किसी तरह का ट्रैफिक पुलिस ने पक्षपात नहीं किया। चाहे गाड़ी सत्तारूढ़ पार्टी के नेता की हो या किसी अन्य नेता की। गाड़ी के शीशे पर लगी ब्लैक फिल्म उतारी। साथ ही जमकर चालान किए। यातायात पुलिस का कहना है कि किसी भी सूरत में नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छविराम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कड़े निर्देश हैं कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जबरदस्त कार्य की जाए। इसके चलते अभियान लगातार चलाया जा रहा है और जमकर चालान भी काटे जा रहे हैं। आपको बताते चलें कि इस दौरान लग्जरी गाड़ियों से भी यातायात पुलिस ने ब्लैक फिल्म उतरवाई और नियमों का पाठ पढ़ाया। यातायात पुलिस ने इस दौरान विधायक लिखी गाड़ियों पर भी कार्रवाई की। जनपद हापुड़ में तीन विधायक हैं लेकिन भाजपा के नेता भी खुद को विधायक समझ रहे हैं जो गाड़ी पर विधायक लिख कर चलते हैं। ऐसे में यातायात पुलिस को मामले में कार्रवाई करने की जरूरत है।
































