हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली पुलिस ने दो मामले में वांछित तीन फर्जी पत्रकारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोप है कि पकड़े गए आरोपी बैंकों में ग्राहक बनकर जाते थे जहां लोगों को अपनी बातों में उलझा कर नकली नोटों की गड्डी थमा कर उनसे कुछ रुपए ऐंठ लेते थे. पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया और मेरठ के परीक्षितगढ़ से तीनों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी जनपद हापुड़ के साथ-साथ अन्य जनपदों और राज्यों में भी भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो गाड़ियां, फर्जी आईकार्ड, फर्जी आईडी, 80 हजार रुपए नकद, नकली नोटों की गड्डी बरामद की है.
हापुड़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि थाना सिंभावली क्षेत्र के बैंक में उपभोक्ताओं से ठगी करने के दो मामले सामने आए. जहां आरोपी उपभोक्ता बनर बैंक पहुंचते थे. आरोपी बैंक में मौजूद लोगों को अपनी बातों के जाल में फंसा लेते थे और उन्हें लालच देकर नकली नोटों की गड्डी थमा देते थे और इसके बदले कुछ राशि ऐंठते थे. सिंभावली पुलिस मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों की धरपकड़ में जुटी जिसके बाद पुलिस ने तीन फर्जी पत्रकारों को गिरफ्तार कर लिया. अमरजीत झां पुत्र लल्लन झां निवासी मधुबनी बिहार जो फिलहाल गाजियाबाद के अंबेडकर नगर कॉलोनी में रह रहा था, योगेश पुत्र महावीर निवासी कासगंज तथा नवीन उर्फ लक्की पुत्र सतपाल निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद को गिरफ्तार किया है जिनके पास से एक टाटा सफारी समेत दो गाड़ियां, 80 हजार रुपए नकद, नकली नोटों की गड्डी, फर्जी आई कार्ड, फर्जी आईडी बरामद की है




























