
हाईस्कूल व इंटर परीक्षा की कापी पर होंगे दो कवर पेज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): यूपी बोर्ड वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए उत्तरपुस्तिका में दो बड़े बदलाव कर रहा है। यह बदलाव छात्र-छात्राओं की सुविधा और शुचितापूर्ण मूल्यांकन को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। यह पहली बार होगा कि उत्तरपुस्तिका पर दो कवर पेज होंगे। पहला कवर पेज छात्र-छात्राओं के विवरण पर केंद्रित रहेगा, जबकि दूसरा कवर पेज मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों द्वारा अंक दर्ज करने के लिए रहेगा। इन बदलावों को यूपी बोर्ड ने अंतिम रूप दे दिया है। इसके अलावा उत्तरपुस्तिका का आकार भी परीक्षा में बदलने का निर्णय लिया गया है।
नकलविहीन परीक्षा के साथ-साथ निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा में भी कई बदलाव किए थे। अब 2026 की परीक्षा को लेकर तैयारी के क्रम में दो महत्वपूर्ण निर्णय परीक्षा समिति ने लिए हैं। अभी तक उत्तरपुस्तिका पर एक कवर पेज रहता था, जिस पर परीक्षार्थी के नाम, अनुक्रमांक आदि संबंधी निर्देश एवं विवरण अंकित करने की व्यवस्था रहती थी। इसके अलावा उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान परीक्षार्थी को मिले अंक भी उसी कवर पेज पर परीक्षक अंकित करते थे। अंक दर्ज करने के लिए परीक्षक दूसरे कवर पेज का उपयोग करेंगे। परीक्षार्थी दोनों कवर पेज के बाद वाले पेज से उत्तर लिखना आरंभ करेंगे। अंक अलग पेज पर अंकित करने से यूपी बोर्ड शासन की अनुमति से भविष्य में आनलाइन मूल्यांकन को लेकर निर्णय कर सकता है।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010
























