हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के पिलखुवा रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब यात्रियों ने सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन के शौचालय से धुआं निकलते हुए देखा। मौके पर मौजूद कर्मियों ने फायर एक्सटिंग्यूशर की सहायता से स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान ट्रेन करीब 45 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही और रेलवे यातायात प्रभावित रहा।
बिहार के रक्सौल से आनंद विहार जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस संख्या 15273 के इंजन के पीछे वाली बोगी में स्थित टॉयलेट में मंगलवार को अचानक धुआं निकलने लगा। सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन पर तैनात कर्मियों ने दमकल उपकरणों के जरिए स्थिति पर काबू पाया। ट्रेन लगभग 45 मिनट तक पिलखुवा रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। स्थिति पर पूरी तरीके से नियंत्रण पाने के बाद ही ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ। फिलहाल धुआं निकलने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसी बीच थोड़ी देर के लिए रेलवे यातायात प्रभावित हो गया। स्टेशन अधीक्षक चंदन कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी ट्रेन के गार्ड ने दी थी जिसके बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया है।





























