हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाड़ा में खुशियां उस समय मातम में बदल गई जब बारात में आया एक युवक रजवाहे में डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई. डूबने वाले युवक का शव निकालकर परिजन उसे बिना किसी पुलिस कार्रवाई के अपने साथ दिल्ली ले गए जिससे परिवार में कोहराम मचा है.
दिल्ली के महाराजपुर आनंद विहार निवासी जगमाल के बेटे सुनील का विवाह बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाड़ा में तय हुआ था जहां दिल्ली के रिठाला निवासी 20 वर्षीय विपिन तथा विनोद भी बरात में शामिल होकर पलवाड़ा गांव पहुंचे. शुक्रवार को दोपहर के समय दोनों नहाने के लिए रजवाहे में चले गए और दोनों डूब गए. आसपास मौजूद लोगों ने जब शोर मचाया तो लोगों ने इकट्ठा होकर विनोद को बाहर निकाला जबकि उसका साथी विपिन डूब गया. कुछ ही देर बाद विपिन को भी रजवाहे से बाहर निकाला गया जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजन बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव को लेकर साथ चले गए. खुशियां मातम में बदल गई और बेहद सादगी के साथ फेरों की रस्म अदा की गई.

























