हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के गांव अक्खापुर में गांव की समूह संगत ने मिलकर एक सुंदर गुरुद्वारा साहब का निर्माण किया। नवनिर्मित गुरुद्वारा साहब में सोमवार को श्री अखंड पाठ साहिब करवाए गए। श्री अखंड पाठ साहिब जी की समाप्ति उपरांत सुंदर दीवान सजाए गए। पहली बार श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश किया गया जिसके पश्चात पूरे गांव में बैंड-बाजों के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया एवं पांच प्यारों की अगुवाई में प्रभात फेरी नगर कीर्तन के रूप में निकाली गई। गतका पार्टियों ने भी सुंदर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर ज्ञानी देवेंद्र सिंह ग्रंथी यूपी सिख मिशन हापुड़ ने भी हाजिरी भरी। इसके साथ ही ब्रह्म सिंह रागी जत्था यूपी सिख मिशन हापुड़ ने गुरबाणी का कीर्तन कर संगत को निहाल किया। पूरे गांव की संगत ने मिलकर इस दौरान सहयोग किया और गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष नतमस्तक हो कर आशीर्वाद प्राप्त किया।





























