
उच्च शिक्षा विभाग की टीम पहुंचेगी मोनाड विवि, डीएम व एसपी ने मान्यता रद्द करने के लिए लिखा था पत्र
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अनवरपुर में स्थित मोनाड विश्वविद्यालय में डिग्रियों के फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद जिलाधिकारी हापुड़ और एसपी हापुड़ ने विश्वविद्यालय की मान्यता रद्द करने के लिए शासन को पत्र भेजा था। इसके पश्चात पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। टीम जल्द ही जनपद हापुड़ आएगी और मोनाड विश्वविद्यालय की मान्यता और दस्तावेजों की जांच करेगी। दो दिन तक टीम के हापुड़ जनपद में ही रहने की उम्मीद है। इस दौरान फर्जी डिग्री व बिक्री करने के मामले के साथ ही विश्वविद्यालय में मानकों के पालन की भी जांच होगी। इसके साथ यूजीसी की मान्यता की भी जांच की जाएगी। मोनाड विश्वविद्यालय में एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए मौके से बड़ी संख्या में फर्जी डिग्री और मार्कशीट बरामद की थी। इसमें 11 लोगों को जेल भी भेजा था। मामले में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने यूनिवर्सिटी की मान्यता रद्द करने के लिए शासन को पत्र भेजा था। उच्च शिक्षा विभाग की टीम जल्द ही मोनाड विश्वविद्यालय पहुंचकर दस्तावेजों को खंगालेगी।
Brainwaves International School: Admissions Open 2025-26 (Playgroup – Grade XI)



























