हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के कस्बा धौलाना में मंगलवार की रात को अलग-अलग स्थानों से आई दो सगी बहनों की बारात के दौरान आतिशबाजी छोड़ने को लेकर दोनों पक्ष के बारातियों में कहासुनी हो गई जिसने विवाद का रूप ले लिया. इस दौरान तीन लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. मौके से पुलिस ने कुछ को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
धौलाना कस्बे के निवासी अनवर कुरेशी की दो बेटियों का निकाह एक साथ आयोजित किया. एक बेटी की बारात जिला गाजियाबाद और दूसरी बेटी की बारात सिकंदराबाद जिला बुलंदशहर से आई थी. इसी बीच एक पक्ष ने आतिशबाजी शुरू कर दी जिसका दूसरे बारातियों ने विरोध किया. दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और देखते-देखते जमकर मार पिटाई हुई जिसमें नाहल, मोहम्मद शोएब, शाहनवाज घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि शाहनवाज की हालत गंभीर बनी हुई है जिसका उपचार जारी है. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
























