
श्रीराम-भरत मिलाप की लीला से साकार हुआ त्याग, प्रेम और भाईचारे का आदर्श, श्री रामलीला समिति (रजि.), हापुड़ के तत्वावधान में रामलीला महोत्सव 2026–27 के अंतर्गत हुआ भावपूर्ण मंचन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़। श्री रामलीला समिति (रजि.), हापुड़ के तत्वावधान में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव वर्ष 2026–27 के अंतर्गत बुधवार, 14 अक्टूबर को रामलीला मैदान में श्रवण कुमार प्रसंग, राजा दशरथ के मरण तथा चित्रकूट में भगवान श्रीराम एवं भरत मिलाप की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
लीला के दौरान श्रवण कुमार के प्रसंग के माध्यम से माता-पिता की सेवा, आज्ञापालन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया। राजा दशरथ के पुत्र-वियोग के प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया। वहीं, चित्रकूट में भगवान श्रीराम और भरत के मिलन ने त्याग, समर्पण, भ्रातृप्रेम तथा पारिवारिक मर्यादा की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की।
रामलीला के व्यास श्री पवन देव चतुर्वेदी जी के सानिध्य में रामायण के प्रसंगों का प्रभावशाली वर्णन एवं मंचन किया जा रहा है। व्यास जी अपनी ओजस्वी वाणी और धार्मिक प्रसंगों की सारगर्भित व्याख्या के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने तथा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। व्यास जी ने बताया श्रीराम और भरत का मिलाप रामायण का एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रसंग है। भरत द्वारा राजसिंहासन का त्याग कर भगवान श्रीराम को वापस अयोध्या लाने का प्रयास उनके निःस्वार्थ प्रेम और धर्म के प्रति समर्पण को दर्शाता है। यह प्रसंग समाज को संदेश देता है कि सच्चा प्रेम अधिकार में नहीं, बल्कि त्याग, सम्मान और कर्तव्यपालन में निहित है।
समिति के पदाधिकारियो ने बताया ने बताया रामलीला महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में संस्कार, सद्भाव, नैतिकता और पारिवारिक एकता की भावना को प्रोत्साहित करना है। भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंग आज भी समाज को सत्य, त्याग, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
महोत्सव को सफल बनाने के लिए समिति के संरक्षक देवेन्द्र कुमार, रविंद्र गुप्ता, प्रधान विनोद कुमार वर्मा, महामंत्री उमेश अग्रवाल, कोषाधयक्ष शुभम अग्रवाल, वरिष्ठ उपप्रधान सुयश वशिष्ठ, संयोजक नवीन गुप्ता, मीडिया प्रभारी विमल वर्मा, प्रदीप सोनी, अंकुर गर्ग, रितिक त्यागी, गौरव बजरंगी एवं विवेक सिंघल सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068






















