निर्माणाधीन स्थलों से सरिया उड़ाने वाला गिरोह पकड़ा गया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिम्भावली पुलिस ने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रैसवे से लोहा व सरिया आदि सामान चोरी करने वाले गिरोह के सरगना सहित 6 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लाखों रुपए मूल्य का सरिया, लोहा, एक इलैक्ट्रोनिक कांटा तथा एक सैंट्रो कार व एक छोटा हाथी बरामद किया है।
थाना सिम्भावली पुलिस नवादा नहर की पुलिया पर चैकिंग कर रही थी कि 6 बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस द्वारा पकड़े गए बदमाशों में थाना किठौर के गांव शाहजमाल का नदीम, तिगरी का पिंटू, सिखैड़ा का नजाकत, हरोड़ा का सलीम व फैजान तथा कस्बा बहादुरगढ़ के गांव नंगला का दिलशाद है। नदीम गिरोह का सरगना है और उस पर आधा दर्जन मुकद्दमे दर्ज है।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि वे पहले कार में बैठकर दिन में रैकी करते है और फिर निर्माणाधीन स्थलों से सरिया, लोहा आदि चोरी कर छोटे हाथी में लाद कर ले जाते है। उन्होंने ही एक दिन पहले गंगा एक्सप्रेसवे से लोहा, सरिया आदि चोरी किया था। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लाखों रुपए मूल्य का सरिया, लोहा, कांटा, एंगल तथा घटना में प्रयुक्त दो वाहन बरामद किए है। पुलिस चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों की तलाश में जुटी है।
कम से कम ब्याज पर लोन लेने के लिए संपर्क करें: 9756129288






















