
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर राजस्थान के व्यापारी से हुई 64 लाख की लूट के मामले में पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। बताया जा रहा है कि लूट कांड में शामिल स्कूटी सवार बदमाश सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए हैं। सीसीटीवी सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
ज्ञात हो कि शनिवार को राजस्थान के सीकर जनपद के व्यापारी राकेश सिंह बाइक से 64 लाख रुपए लेकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह पिलखुवा के अनवरपुर कट पर पहुंचे तो स्कूटी पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने व्यापारी को धमकाते हुए रुपयों से भरा बैग लूटा और मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। कई सीसीटीवी खंगालने के बाद पुलिस को बदमाशों की सीसीटीवी मिल गई है। पुलिस जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने में जुटी है।























