
गंगानगर मार्ग पर पेड़ से लटका मिला अमरोहा जिला निवासी व्यक्ति का शव
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना ब्रजघाट क्षेत्र के गंगा नगर मार्ग पर एक पेड़ से लटका हुआ व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर उसकी शिनाख्त कराई। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत एक-दो दिन पहले ही हो चुकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम को कोतवाली की ब्रजघाट चौकी प्रभारी इंद्रकांत यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गंगा नगर मार्ग पर एक पेड़ से व्यक्ति के लटके होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और चौकी प्रभारी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पेड़ से फंदे पर लटके हुए शव को नीचे उतारा और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। मृतक के चेहरे पर मक्खियां भिनक रही थीं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत एक-दो दिन पहले हुई होगी।
जांच के दौरान मृतक की पहचान जनपद अमरोहा के थाना डिडौली क्षेत्र के गांव कपासी निवासी 50 वर्षीय सतवीर सिंह के रूप में हुई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि सतवीर सिंह दो-तीन दिन पहले घर से लापता हो गए थे और उनकी तलाश की जा रही थी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010


























