
छपकौली स्थित विद्यालय में दो महापुरुषो की जयंती मनाई
हापुड़, सीमन/अमित कुमार(ehapurnews.com): हापुड़ के नव भारत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छपकौली में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण, राष्ट्रगान तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को दोनों महान विभूतियों के जीवन, आदर्शों, सत्य, अहिंसा, सादगी एवं राष्ट्रसेवा के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं समस्त विद्यालय स्टाफ को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने विद्यालय, घर तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और समाज में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा राष्ट्रहित के प्रति सदैव सजग रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ। बच्चों के साथ-साथ सम्मानित लोग भी मौजूद रहे।
जीपीएस की मदद से दिल्ली से चोरी हुई गाड़ी पकड़ी, आप भी लगवाएं जीपीएस ट्रैकर: 8126293996





















