
प्रदूषण फैलाने की जांच पर पहुंची टीम के साथ अभद्रता, तीन इकाइयों के पांच पर मुकदमा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र के गांव परतापुर में संचालित तीन औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण फैलाने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस दौरान अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। तहरीर के आधार पर पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही बॉयलर भी सील किया गया है।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक पर्यावरण अभियंता सत्येंद्र प्रताप सिंह व विपुल कुमार पुलिस बल के साथ निरीक्षण के लिए पहुंचे तो उन्होंने पाया कि मून प्रोसेसर्स में फैब्रिक पर स्टार्च लगाने के दौरान बॉयलर में प्लास्टिक वेस्ट जलाया गया जबकि यह इकाई बंदी आदेश के बावजूद भी संचालित मिली। वहीं श्री रामा इंडस्ट्री में भी बॉयलर में प्लास्टिक कतरन जलाई जा रही थी। श्री बालाजी प्रोसेसर्स में डाइंग के दौरान अपशिष्ट जलाकर जहरीली गैसों का उत्सर्जन पाया गया। इससे आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा था। कार्रवाई के दौरान मून प्रोसेसर्स से जुड़े अनस व इस्लाम, श्री राम इंडस्टरीज से जुड़े राकेश गर्ग, श्री बालाजी प्रोसेसर्स से जुड़े दुसार व वीरेंद्र सिंघल ने टीम के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया और उसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। तीनों फैक्ट्री के बॉयलर और प्लांट को भी सील कर दिया गया है। सहायक पर्यावरण अभियंता सत्येंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीनों इकाइयों के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
DPS, Dewan Public School’s books available,
Class 1st to 12th books available, UPTO 20% Discount on pvt books: 9528182700
NCERT, CBSE की किताबें खरीदने के लिए संपर्क करें: 9528182700

























