
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के एनएच-9 पर चौधरी प्रॉपर्टी के सामने दो फरवरी की देर रात अज्ञात लोगों ने दो अलग-अलग स्थानों से कुल नौ पेड़ों को काटा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रास्ता बनाने के उद्देश्य से पेड़ों का अवैध कटान किया गया। मामले की तह तक जाने के लिए तीन फरवरी को वन विभाग की टीम ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक ट्रैक्टर कटे हुए पेड़ ले जाते हुए कैमरे में कैद हुआ, जिससे पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो गई। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। वन विभाग ने बताया कि तालिब ने इन पेड़ों का कटान किया और उन्हें ट्रैक्टर के माध्यम से नाजिम की आरा मशीन पर पहुंचाया। शेरू ने इस दौरान सहयोग किया। सात कटे हुए पेड़ बरामद किए हैं। आरा मशीन को सील कर दिया है। कटे हुए पेड़ों को जाकिर, अरमान, रिजवान और शादाब ने बेचा है।






















