हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के लिए कुछ युवकों ने हापुड़ में जमकर बवाल काटा और स्कॉर्पियो से स्टंट किए। गाड़ी की खिड़कियों पर लटककर और छत पर बैठ कर जमकर उत्पात मचाया। हुड़दंगियों की ये हरकत किसी ने अपने कैमरे में कैद कर ली जो कि अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो वायरल होने पर हापुड़ देहात पुलिस हरकत में आई और उसने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया और गाड़ी को कब्जे में ले लिया। पुलिस इस दौरान अन्य की तलाश में जुटी है।
बता दे कि जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के इंदरगढ़ी का यह वीडियो है जिसमें देखा जा सकता है कि अपनी जान की परवाह किए बगैर ही नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए हुड़दंग गाड़ी की छत पर बैठकर स्टंट कर रहे हैं। कुछ तो जान जोखिम में डालकर गाड़ी की खिड़कियों पर ही लटके हुए हैं। नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों की ये वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया और गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल कई अभी फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। यह स्टंटबाज यहां वहाँ छिपकर पुलिस से बच रहे हैं। हापुड़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर का कहना है कि नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।





























