गेहूं में मंदी से स्टाकिस्टों के तोते उड़े
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): गेहूं व आटे की कीमतों में कमी लाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार खुले बाजार में ई-नीलामी के तहत गेहूं बेच रही है जिसके देश भर के साथ-साथ हापुड़ मंडी में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे है। हापुड़ मंडी में अब तक गेहूं 700 रुपए टूट कर 2500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया और अभी-भी मंदी का रुख बना है। गेहूं में आई भारी मंदी व मंदी के रुख ने स्टाकिस्टों के तोते उड़ा दिए है। अब किसान भी फटाफट गेहूं बेच रहा है।
खुला बाजार बिक्री योजना के तहत थोक खरीदारों के लिए गेहूं की तीसरे दौर की ई-नीलामी 22 फरवरी को होगी। खाद्य मंत्रालय ने बताया कि इस दौर की ई-नीलामी में 11.72 लाख टन गेहूं बिक्री के लिए रखा गया।
गेहूं और आटे के बढ़ते मूल्य पर अंकुश पाने के लिए केंद्र सरकार स्टाक से 30 लाख टन गेहूं खुले बाजार में बेच रही है। यह गेहूं एफसीआई की ओर से बेचा जा रहा है। कुल 30 लाख टन में से 25 लाख टन गेहूं आटा मिलों जैसे थोक खरीदारों को ई-नीलामी के जरिए बेचा जा रहा है। अब तक दो दौर की ई-नीलामी के जरिए 12.98 लाख टन गेहूं की बिक्री की जा चुकी है, जिसमे से 8.96 लाख टन गेहूं सफल बोलीदाताओं को दिया जा चुका है। इसी का नतीजा है कि गेहूं और आटे के खुदरा मूल्य में कमी आई है। खाद्य मंत्रालय ने बताया कि आगामी ई-नीलामी में 620 डिपो से गेहूं की बिक्री की जाएगी।
Brainwaves International School में Admission के लिए काल करेंः 8279806606























