
नवरात्र पर श्री चंडी मंदिर पर श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): शक्ति आराधना का महापर्व नवरात्रि पर्व रविवार 11 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ हो रहा है जिसके लिए श्रद्धालुओं ने विशेष तैयारी की है। नवरात्र का समापन 20 अक्टूबर मंगलवार को विजयदशमी पर्व के दिन होगा।
नवरात्र पर हापुड़ की सिद्धपीठ प्राचीन श्री चंडी मंदिर पर मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं के लिए पूजा अर्चना के खास प्रबंध किए हैं। मां चंडी जी के दरबार को फूलों से खास तौर पर सजाया गया और विशेष रोशनी की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु मंदिर परिसर को सीसीटीवी से लैस किया गया है।
मंदिर प्रबंध समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार मां चंडी जी के जलाभिषेक हेतु जल हरि की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिदिन मां के भवन में रंगोली, छप्पन भोग तथा फूल बंगला आदि बनाया जाएगा और श्रद्धालु हर घंटे के बाद 15 मिनट तक मां को चोला चढ़ा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त अतरपुरा चौपला पर स्थित मां पथवारी, श्री मनसा देवी मंदिर तथा श्रीगंज रोड तिराहा पर श्री नवदुर्गा मंदिर पर भी श्रद्धालुओं के लिए पूजा अर्चना के विशेष इंतजाम किए गए हैं। नगर पालिका परिषद हापुड़ द्वारा मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है नवरात्र के दौरान प्रसिद्ध मंदिरों को जाने वाले मार्गों पर पुलिस की गश्त जारी रहेगी।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179






















