हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के रामगंज मौहल्ला में अनेक खत्तियां है जिनके स्थान-स्थान पर मुंह खुले है। पहले कभी इन खत्तियों में सरकारी गेहूं का भंडारण होता था। देखभाल के अभाव में अब ये खत्तियां वीरान पड़ी है औऱ आए दिन कोई न कोई मवेशी या जानवर इन खत्तियों में गिरकर चोटिल हो जाता है।
बात सोमवार की रात की है जब रामगंज में तीन सांड आपस में लड़ते हुए इन खत्तियों तक जा पहुंचे और एक सांड इस गहरी खत्ती में जा गिरा। समाजसेवियों ने रात में ही सांड को बाहर निकालने के लिए जिम्मेदार लोगों को फोन किए, परंतु वे सफल नहीं हो पाए।
मंगलवार की सुबह सामाजिक कार्यकर्ता विक्की शर्मा, संदीप शर्मा, एडवोकेट अशोक वशिष्ट, राजकुमार शर्मा, मदन शर्मा आदि की टीम जेसीबी मशीन लेकर रामगंज में पहुंचे और उन्होंने सांड को बचाने के लिए रेस्कयू अभियान चलाया। तस्वीरों में दिखाई दे रहा है कि किस प्रकार टीम के एक सदस्य को जेसीबी मशीन की मदद से खाई में उतारा गया और फिर बैल्ट से सांड को बांधा गया। टीम के सदस्यों के सामने यह एक चुनौती थी गुस्साए सांड से स्वयं को बचाना और सांड को बाहर निकाला। अथक प्रयास के बाद टीम ने सांड को सुरक्षित बाहर निकाला।

























