हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर के बृजघाट में वेब सीरीज गैंगस्टर की शूटिंग शुरू हो गई है जिससे स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है। शूटिंग से पहले बुधवार को मुंबई के दिग्गज कलाकारों की टीम गंगा नगरी पहुंची और गंगा तट पर पूजा-अर्चना व हवन कर शूटिंग का शुभारंभ किया। सुमन टॉकीज के बैनर तले बन रही वेब सीरीज गैंगस्टर में शत्रुघ्न सिन्हा, आशुतोष राणा और सनी लियोन जैसे किरदार भी लीड रोल में देखने को मिलेंगे। मुंबई से हापुड़ पहुंचे दिग्गज कलाकारों ने शूटिंग शुरू की। वेब सीरीज गैंगस्टर की शूटिंग 25 अप्रैल तक जनपद हापुड़ के विभिन्न क्षेत्रों में होनी है जिसमें 80 के दशक से जुड़ी कई बातें देखने को मिलेंगी। फिल्म भोकाल तिकड़म, हाईवे जैसी कई बड़ी फिल्मों में काम कर चुके प्रदीप नागर भी गढ़मुक्तेश्वर पहुंचे। मुख्य किरदार निभाने वाले प्रदीप नागर ने बताया कि इस फिल्म का मुख्य उद्देश्य पश्चिम उत्तर प्रदेश की संस्कृति के प्रति लोगों को जागरूक करना है और यूपी में फिल्म सिटी के ड्रीम प्रोजेक्ट को बढ़ावा देना है।
जिलाधिकारी मेधा रूपम का कहना है कि बृजघाट में फिल्मों की शूटिंग से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। अपने बीच दिग्गज कलाकारों को देखकर गंगा नगरी के लोगों में काफी उत्साह नजर आया जो उनके साथ सेल्फी लेते हुए नजर आए।




























