
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जी.एस. आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में आयोजित “आयुर्वेद और जलवायु स्वास्थ्य” पर राष्ट्रीय संगोष्ठी जी.एस. आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में शनिवार को “आयुर्वेद और जलवायु स्वास्थ्य” पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. भावना सिंह, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. प्रवीण गोयल, और मुख्य अतिथि डॉ. स्मिता अरोड़ा, डॉ. पूजा कोहली, और डॉ. अंकित शर्मा ने किया। संगोष्ठी के समन्वयक और आयोजन सचिव डॉ. अंकुर तंवर रहे।
संगोष्ठी की शुरुआत प्राचार्य डॉ. भावना सिंह के प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार पर्यावरण दूषित हो रहा है, उससे “जनपदोध्वंश” की संभावना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए आयुर्वेद के सिद्धांतों का पालन करते हुए प्रकृति का दोहन करने के बजाय उसका संरक्षण करना चाहिए, अन्यथा इसके परिणाम घातक हो सकते हैं।

इसके बाद, डॉ. स्मिता अरोड़ा ने “आयुर्वेद और जलवायु स्वास्थ्य” के चिकित्सीय पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद में मानव को ब्रह्मांड का प्रतीक माना गया है – “यथा पिंडे तथा ब्रह्मांडे।” उन्होंने “प्रकृति रक्षति रक्षितः” के महत्व को समझाते हुए कोविड-19 और वैश्विक तापमान वृद्धि का उदाहरण दिया। डॉ. अरोड़ा ने आयुर्वेदिक दिनचर्या, ऋतुचर्या, पंचमहाभूत (अग्नि, जल, वायु, पृथ्वी, आकाश) और उनकी दोषीयता के प्रभाव पर प्रकाश डाला। साथ ही, आकाश महाभूत की भूमिका, मंत्र चिकित्सा, ओम chanting और शंखनाद की महत्ता पर चर्चा की।
डॉ. पूजा कोहली ने “कैनबिस द्वारा दर्द प्रबंधन” पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में इसके उपयोग और लाभों का विवरण दिया।
डॉ. अंकित शर्मा ने “आयुर्वेद और जलवायु स्वास्थ्य” पर एक विस्तृत व्याख्यान देते हुए पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए आयुर्वेद की उपयोगिता पर जोर दिया।
संगोष्ठी में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 20 पोस्टर प्रस्तुतियाँ हुईं। इनमें राजत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और समीर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। परिणाम घोषित करते हुए प्राचार्य डॉ. भावना सिंह ने विजेताओं को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों की सराहना की।
संगोष्ठी के समापन पर आयोजन सचिव डॉ. अंकुर तंवर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और इस संगोष्ठी को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी व्यक्तियों को धन्यवाद दिया।
JMS WORLD SCHOOL : ADMISSION OPEN || 9359844808 || NH-9, HAPUR BYPASS, HAPUR


































