हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने छह साल की मासूम की हत्या का खुलासा करते हुए उसकी मां और तहरे भाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही हत्याकांड का सफल अनावरण किया है।मृतका ने अपनी मां को तहेरे भाई के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था जिसके कारण मासूम ने यह सच्चाई अपने पिता राजीव तोमर को बताने की ठानी जिसके बाद महिला ने अपने भतीजे के साथ मिलकर अपनी बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सुलेखा पत्नी राजीव तोमर और उसके भतीजे अंकित पुत्र अनिल निवासीगण जखैड़ा रहमतपुर थाना बहादुरगढ़ जनपद हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया जिनके कब्जे से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दरांती और दो डंडे, हत्या के समय पहने गए कपड़ों को भी बरामद कर लिया।
31 मार्च की वारदात:
राजीव ट्रक चालक है जो कि बाहर गया हुआ था। यह वारदात 31 मार्च की रात करीब 7:30 बजे की है। जब जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव जखेड़ा रहमतपुर निवासी एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसके घर के बाहर खेल रही छह साल की बेटी काव्या संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो मासूम का शव घर के पास स्थित खंडहर नुमा मकान से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम ने मामले की गहनता से जांच की।

यह है मामला:
हापुड़ के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतका काव्या की मां सुलेखा और उसके तहेरे भाई अंकित को गिरफ्तार किया तो सच्चाई सामने आई। सख्ती से की गई पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था और दोनों को काव्या ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। जब काव्या ने अपनी मां सुलेखा को अपने तहेरे भाई अंकित के साथ देखा तो उसने कई सवाल पूछे और हालातों के बारे में पिता को बताने की ठानी। पहले तो दोनों ने काव्य को समझाने का प्रयास किया लेकिन जब काव्या सच्चाई के मार्ग पर अड़ गई तो सुलेखा ने दरांती से अपनी बेटी की हत्या कर दी।
खंडहर में छिपाया शव:
अपनी बेटी की हत्या करते समय सुलेखा का हाथ जरा भी नहीं कांपा। हत्या करने के बाद उसने अंकित के साथ मिलकर शव को एक खंडहरनुमा मकान में छिपा दिया और काव्या की लापता होने का झूठा नाटक रचा।
भतीजे के साथ अवैध संबंध:
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मृतका काव्य की मां सुलेखा का उसके भतीजे के साथ अवैध संबंध थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
चर्म रोग, गुप्त रोग व एलर्जी के लिए संपर्क करें डॉ शिशिर गुप्ता: 9719123457




























