
संघ के स्वयंसेवकों ने किया योग
हापुड, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ नगर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में हापुड़ नगर पालिका परिषद पार्क में योग का आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम में योगाभ्यास श्री तारकेश्वर शास्त्री, जो गुरुकुल ततारपुर से स्नातक और वर्तमान में महर्षि वेदव्यास अंतर्राष्ट्रीय गुरुकुल विद्यापीठ बिठूर कानपुर में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं, के द्वारा कराया गया। उन्होंने सूक्ष्म योगा, कई प्रकार के प्राणायाम, सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राएं,आसन और इन सबसे होने वाले लाभों के विषय में बताया। सभी उपस्थित स्वयंसेवकों ने सहज भाव से योग किया। विदित हो कि सन् 2015 से प्रतिवर्ष 21 जून को पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। योग से ना केवल हमारा शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि हमारी रोगों से बचाव और उनसे लड़ने की क्षमता का भी विकास होता है।
योगाभ्यास के पश्चात् विपिन गोयल ने बताया कि 21 जून को ही अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस क्यों मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि 21 जून उत्तरी गोलार्ध में सबसे लंबा दिन होता है। जिसे भूगोल की भाषा में ‘ ग्रीष्म अयनांत ‘ कहा जाता है। दिन का समय लगभग 13 घंटे 58 मिनट का रहता है। इस दिन सूर्य की किरणें अधिकतम समय तक पृथ्वी पर रहती हैं , जो जीवन और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है।
उन्होंने आगे बताया कि भारतीय दर्शन का मूल ‘ वसुधैव कुटुंबकम् ‘ और ‘ कर्णवंतों विश्वमार्यम ‘ हैं । इनका स्पष्ट अर्थ है कि पूरी दुनिया एक परिवार है और इस पृथ्वी के सभी मनुष्य स्वस्थ और ऊर्जावान रहे।
क्योंकि ऊर्जावान व्यक्ति ही सामाजिक जीवन में राष्ट्रीय और वैश्विक सतत निर्माण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर सकता है। सभी स्वयंसेवक बंधुओं ने प्रण लिया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का भाग बनाएंगे।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480























