हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है लेकिन कुछ लापरवाह ऐसे भी हैं जो पक्के घाट की जगह कच्चे घाट पर जाकर स्नान कर रहे हैं। गंगा किनारे उस समय चीख-पुकार मच गई जब गंगा में स्नान करते समय एक भक्त गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह की नजर श्रद्धालु पर पड़ी जिन्होंने पुलिस कर्मियों को युवक का रेस्क्यू करने के निर्देश दिए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक को बचाया। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
दरअसल गंगा स्नान के लिए आ रहे भक्तों के लिए पुलिस-प्रशासन ने पक्के घाटों की व्यवस्था की है लेकिन कुछ श्रद्धालु ऐसे हैं जो कि कच्चे घाटों पर जाकर गंगा स्नान कर रहे हैं। कच्चे घाटों पर गंगा स्नान ना करने की पुलिस लगातार अपील भी कर रही है लेकिन इसके बावजूद भी श्रद्धालु कच्चे घाटों पर स्नान कर रहे हैं। सोमवार को निरीक्षण और अनाउंसमेंट कर रही गढ़ सीओ स्तुति सिंह की नजर गंगा में डूब रहे एक श्रद्धालु पर पड़ी जिसे पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गोताखोर की मदद से बचाया जिसके पश्चात पुलिस ने परिजनों को कच्चे घाट पर स्नान ना करने की सख्त हिदायत दी।





























