राजीव कंसल आत्महत्या मामले की सुनवाई 30 अक्टूबर को
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के बहुचर्चित टिम्बर व्यवसायी राजीव कंसल आत्महत्या मामले की सुनवाई के लिए न्यायालय ने 30 अक्तूबर-2023 निर्धारित की है। थाना हापुड़ देहात पुलिस ने आत्महत्या मामले में क्लोजर रिपोर्ट लगा कर 4 फरवरी-2022 को न्यायालय में दाखिल कर दी थी।
कर्ज में डूबे टिम्बर व्यापारी राजीव कंसल ने सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर 9 अगस्त-2021 को स्वयं को गोली से उड़ा लिया था। मृतक के पिता पूरनमल ने पुलिस रिपोट में आरोप लगाया था कि योगेश दलाल, मनीष कंसल उर्फ मक्खन, हेमचंद सर्राफ तथा संजीव ने उसके बेट राजीव कंसल को उधार दिए रुपयों से भी अधिक सूद के रुप में वसूल लिए थे औऱ उसकी दुकान व गोदाम बाजार रेट से भी कम कीमत पर अरविंद गोयल को लिखवा दी। इसके बाद भी सूदखोरों की प्रताड़ना बंद नहीं हुई जिससे तंग आकर राजीव कंसल ने स्वयं को गोली से उड़ा लिया। पुलिस ने मौके से तमंचा भी बरामद कर लिया था।
नामजद आरोपियों पर रुपया ब्याज पर देने का कोई लाईसैंस नही है। थाना हापुड़ देहात पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के स्थान पर क्लोजर रिपोर्ट लगा दी है। अब न्यायालय के निर्णय का नगर की जनता को इंतजार है।
फंगल (दाद), बालों का झड़ना, चर्म रोग, गुप्त रोग आदि, महिला मरीज के लिए महिला चिकित्सक : 9719123457



























