
लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर जागरूक किया
हापुड, सीमन (ehapurnews.com):आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय,हापुड़ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से प्राप्त निर्देश के अनुपालन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एक एवं मतदाता जागरूकता क्लब के संयुक्त तत्वावधान में मतदान से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें मतदान प्रक्रिया से संबंधित प्रश्नों को सम्मिलित किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मतदान के प्रति जागरूक करना और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
इस अवसर पर मतदाता जागरूकता क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमारी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नीशू यादव ने छात्राओं को मतदान के महत्व के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदान क्यों जरूरी है, एक- एक वोट से किस प्रकार सरकार का निर्माण होता है और किस प्रकार एक जागरूक मतदाता देश के भविष्य को बदल सकता है। साथ ही उन्होंने EVM और VVPAT मशीन की कार्यप्रणाली, उसकी सुरक्षा एवं पारदर्शिता के बारे में भी जागरूक किया तथा बताया कि किस प्रकार निर्वाचन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव कराए जाते हैं। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉक्टर नीशू यादव ने छात्राओं को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के नियम बताए। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में महाविद्यालय की चार टीमों – टीम ए, टीम बी, टीम सी और टीम डी ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और मतदान संबंधी विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी जागरूकता का परिचय दिया। प्रतियोगिता की निर्णायिका प्रोफेसर मनीला रोहतगी ने टीम ‘सी’ (कु. मीरा और कु. शिरीन) को प्रथम, टीम ‘ए’ (कु. राधिका और कु. मोनिका) को द्वितीय तथा टीम ‘डी’ (कु. कलश और कु. हिमांशी) को तृतीय विजेता के रूप में चयनित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या प्रोफेसर अमिता शर्मा ने विजयी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि लोकतंत्र में मतदान का अत्यधिक महत्व है और प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। मताधिकार हमें हमारे संविधान ने दिया है और इसका सही उपयोग करके ही हम एक सशक्त और विकसित राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में मतदाता साक्षरता क्लब की संयोजिका डॉ सर्वेश कुमारी ने सभी का हृदय से धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी को मतदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
वाहन का बीमा कराने पर पाएं 5% कैशबैक: 9720669699 || #Insurance #Car #Bike #Bus #Truck

























